पानीपत | एकता विहार कॉलोनी में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 24 वर्षीय युवक सुरजीत ने घर पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मामले के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में एक युवती और उसकी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि सुरजीत का पिछले चार साल से युवती के साथ प्रेम संबंध था। लेकिन युवती और उसकी मां लगातार उसे पैसों के लिए ब्लैकमेल करती थीं। मृतक की मां राधा के मुताबिक, युवती दबाव डालती थी कि वह अपने माता-पिता से नाता तोड़कर केवल उसी के साथ रहे। सुरजीत ने शादी का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन युवती के परिवार ने हिंदू परिवार में विवाह करने से इनकार कर दिया।
इसी बीच युवती और उसकी मां पैसों की मांग और फोन पर लगातार परेशान करने लगीं। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण सुरजीत ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।