सिरसा | सीआईए पुलिस ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये की 2 किलो 696 ग्राम अफीम और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, सीआईए सिरसा के एएसआई सुमित कुमार टीम के साथ एनएच-9 डिंग मोड़ पर मौजूद थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि सुमित कुमार और राजेश कुमार, निवासी सिवानी, भारी मात्रा में अफीम लेकर कार से सिरसा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और कार रोककर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
डीएसपी अर्शदीप सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड से पॉलीथीन बैग में रखी 2 किलो 696 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम और कार को कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।