चंडीगढ़। हरियाणा यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे निशित कटारिया को हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।
इस चुनाव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हिमानी नरवाल, जिनकी कुछ महीने पहले हत्या हो चुकी है, को नतीजों में प्रदेश सचिव घोषित किया गया है। यह देख सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गईं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा, “हिमानी कांग्रेस की एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता थीं। उन्होंने समय रहते ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। उनकी मृत्यु चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई। पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया है और यह इस बात का संकेत है कि कांग्रेस ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन माध्यम से पूरी की है।”
गौरतलब है कि कांग्रेस यूथ चुनाव पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत आयोजित किए गए, जिसमें उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन से लेकर वोटिंग और परिणाम तक सभी चरण डिजिटल माध्यम से पूरे किए गए। अब अंतिम औपचारिकता के तौर पर इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद चुने गए पदाधिकारियों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।