चंबा |हिमाचल प्रदेश में अग्निकांड की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोलन और सिरमौर के बाद अब चंबा जिले में भी आगजनी की एक और गंभीर घटना दर्ज की गई है। चंबा जिले के सलूणी उपमंडल अंतर्गत मांझली पंचायत के कूंहड गांव में शनिवार देर रात एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में मकान के अंदर रखा सारा घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
जानकारी के अनुसार कूंहड गांव निवासी रमेश कुमार पुत्र चुहड़ू के चादरों और लकड़ी से बने दो कमरों के मकान में रात के समय अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। मकान लकड़ी का होने के कारण आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया।
आग लगते ही रमेश कुमार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार तेज होती चली गईं। इसके बाद तुरंत पंचायत प्रधान, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से पास में स्थित अन्य रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाल के दिनों में सोलन के अर्की और सिरमौर जिले में हुए अग्निकांड में कई लोगों की जान जा चुकी है, ऐसे में ग्रामीण पहले से सतर्क नजर आए।
ग्राम पंचायत मांझली के प्रधान हंस राज ने बताया कि इस अग्निकांड में रमेश कुमार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे प्रशासन को सौंपा जाएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।