Dharamshala, Rahul-:प्रदेश में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। कांगड़ा, चंबा, ऊना और हमीरपुर जिलों में परिवहन विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड धर्मशाला डिविजन द्वारा लगातार औचक निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। बीते दिसंबर और जनवरी माह के दौरान विभाग की उड़नदस्ता टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 850 से अधिक वाहनों के चालान काटे हैं और करीब 35 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
जांच के दौरान बिना परमिट वाहन चलाना, पैसेंजर लिस्ट न होना, क्षमता से अधिक सवारियां बिठाना और अन्य कई अनियमितताएं सामने आई हैं। परिवहन विभाग ने विशेष रूप से निजी बसों और वोल्वो बसों पर कड़ी नजर रखी हुई है। विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में अकेले वोल्वो बसों के करीब 5 लाख 20 हजार रुपये के चालान किए गए हैं।परिवहन विभाग ने बस ऑपरेटरों और अन्य यात्री वाहनों के चालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी नियमों की अनदेखी की गई, तो और अधिक सख्त कदम उठाए जाएंगे। इनमें वाहनों को जब्त करना, निजी वोल्वो बसों को ब्लैकलिस्ट करना और संचालन पर रोक लगाना भी शामिल है।
विभाग ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा नियमित और औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड असीम सूद ने बताया कि पिछले डेढ़ माह में करीब 850 चालान किए गए हैं और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।