पंचकूला I भाजपा जिला मुख्यालय पंचकूला में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी जी-राम-जी योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, जिला महामंत्री जय कौशिक, भवनजीत सिंह सूदन, पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, अजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि वीबी जी-राम-जी अधिनियम देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा में फर्जी लाभार्थियों, कमजोर निगरानी व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसी कई खामियां थीं, जिन्हें दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम लागू किया है।
रेखा शर्मा ने बताया कि इस योजना में तकनीक आधारित पारदर्शिता, मजबूत जवाबदेही और दीर्घकालीन ग्रामीण विकास पर विशेष जोर दिया गया है। निर्माण कार्यों की जियो-टैगिंग, डिजिटल रिकॉर्डिंग, सूचना प्रबंधन प्रणाली, मजदूरों को समय पर भुगतान के लिए डिजिटल और बायोमेट्रिक भुगतान व्यवस्था, तथा ग्राम सभा के माध्यम से सोशल ऑडिट का प्रावधान किया गया है।
जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू वीबी जी-राम-जी अधिनियम 2025 का उद्देश्य गांव, गरीब और किसानों का समग्र विकास करना है। इस योजना के तहत “हर हाथ को काम” की कानूनी गारंटी दी गई है। उन्होंने बताया कि पंचकूला जिला संगठन द्वारा योजना की जानकारी हर ग्रामीण श्रमिक तक पहुंचाने के लिए मंडल स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
कार्यशाला में नेताओं ने ग्रामीण श्रमिकों को उनके अधिकारों और योजनाओं की पूरी जानकारी देने का संकल्प दोहराया।