चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष को समर्पित शीश मार्ग यात्रा बुधवार को चंडीगढ़ स्थित सीआरपीएफ कैंपस पहुंची, जहाँ यात्रा का अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पवित्र पालकी साहिब के दर्शन कर नमन किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ यूनिट द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर पुष्प वर्षा की गई और गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान प्रकट किया गया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का अद्वितीय बलिदान संपूर्ण मानवजाति के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया यह सर्वोच्च त्याग पूरे विश्व को साहस, कर्तव्य और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ऐसे आध्यात्मिक और सामाजिक आयोजनों के समर्थन में सदैव तत्पर है।
यह यात्रा 24 नवंबर को शीश गंज गुरुद्वारा, नई दिल्ली से प्रारंभ हुई थी और बुधवार को श्री आनंदपुर साहिब में पवित्र समापन के साथ श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई। बाबा मंजीत सिंह जी (जीरकपुर वाले) के नेतृत्व में निकाली जा रही यह 15वीं शीश मार्ग यात्रा राज्य के कई क्षेत्रों—बड़खालसा, तरावड़ी, करनाल, पानीपत, अंबाला आदि—में पहुँची, जहाँ संगत ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कीर्तन, अरदास, लंगर सेवा और फूल वर्षा से आध्यात्मिक वातावरण संपूर्ण मार्ग में गुंजायमान रहा। चंडीगढ़ आगमन के समय भी संगत द्वारा पवित्र शब्द, कीर्तन और अरदास के साथ वातावरण गुरु प्रेम, बलिदान और आध्यात्मिक शांति से सराबोर हो गया।