अंबाला। भारतीय जनता पार्टी के अंबाला जिला कार्यालय “अम्ब कमल” में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर “समर्पण दिवस” संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला वक्ता के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुज्जर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुज्जर ने पंडित जी के “एकात्म मानववाद” के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका विचार दर्शन आज भी भारतीय राजनीति और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रमुख राजनीतिक चिंतक, अर्थशास्त्री और भारतीय जनसंघ के वरिष्ठ नेता रहे हैं, जो अपने दार्शनिक सिद्धांत ‘एकात्म मानव दर्शन’ के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं।
कंवर पाल गुज्जर ने कहा कि पंडित जी की विचारधारा का मूल उद्देश्य यह था कि विकास केवल भौतिक प्रगति तक सीमित न रहे, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हो। उन्होंने व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन और सामंजस्य को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को निस्वार्थ कर्मयोगी और महान विचारक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि “अंत्योदय” का मंत्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रेरणा देता है और यही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है।
मनदीप राणा ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना पंडित जी की विचारधारा की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, राजेश बतौरा, सुशील अग्रवाल, रमेश पाल नहौनी, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, करमचंद गोलडी सैनी सहित मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने पंडित जी के आदर्शों पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।