पलामू। झारखंड के पलामू जिले में उग्रवाद से जुड़ी बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाकपा (माओवादी) से अलग हुए गुट तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (TSPC) के एक एरिया कमांडर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पलामू की पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नक्सली की पहचान 24 वर्षीय शंभू सिंह के रूप में हुई है। वह छतरपुर थाना क्षेत्र के पलवल गांव में ग्रामीणों से जबरन वसूली करने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
एसपी के अनुसार, शंभू सिंह 24 अक्टूबर 2024 को छतरपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों और टीएसपीसी उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में शामिल था। वह इस मामले सहित कुल छह अलग-अलग आपराधिक मामलों में वांछित था।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को जिले में नक्सली नेटवर्क पर बड़ी चोट माना है और बताया कि पूछताछ के बाद और भी जानकारियाँ सामने आने की संभावना है।