Summer express,लोहारा | बल्ह घाटी की लोहारा पंचायत के रिंज गांव में एक घरेलू विवाद के दौरान दादा भादरू राम ने अपनी बहू को निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन गोली पोता उमेश कुमार को लग गई। उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे पहले बिलासपुर एम्स में भर्ती किया गया, फिर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। पीजीआई में उसके पेट का ऑपरेशन किया जाएगा।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भादरू राम को पीटा और उसे भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि भादरू राम अक्सर परिवार को बंदूक दिखाकर धमकाता और भयभीत करता था।
पुलिस के अनुसार रात करीब आठ बजे यह घटना हुई। बहू और पोता रसोई के बाहर खड़े थे, तभी भादरू राम ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई। दादा का इरादा बहू को मारने का था, लेकिन पोता उमेश बीच-बचाव करते हुए गोली की चपेट में आ गया।
बल्ह थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की बंदूक जब्त कर जांच शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक के अनुसार मनीषा चौधरी की शिकायत पर बल्ह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में यह पारिवारिक कलह से जुड़ा गोलीकांड माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपी के बयान दर्ज कर रही है।