Summer express, नागपुर | महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट (2025-26) में हरियाणा CID, मधुबन की टेक्निकल विंग के डॉग स्क्वॉड ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में ईएचसी वीरभान, जो वर्तमान में हिसार एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ते में तैनात हैं, ने अपने विस्फोटक सूंघने वाले डॉग ‘मैन्डी’ के साथ ह्यूमन बॉडी सर्च इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस इवेंट में स्निफर डॉग संदिग्ध व्यक्तियों के पास छिपे विस्फोटक पदार्थों को उनकी गंध के माध्यम से पहचानता है, जो अत्यंत तकनीकी और चुनौतीपूर्ण कार्य माना जाता है।
हरियाणा CID के प्रमुख सौरभ सिंह ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने ईएचसी वीरभान और डॉग ‘मैन्डी’ की मेहनत, अनुशासन और आपसी तालमेल की सराहना की। साथ ही कांस्टेबल संदीप और उनके डॉग ‘रॉकी’ के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हरियाणा CID की आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली और पेशेवर दक्षता को दर्शाती है। उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी हरियाणा पुलिस इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी। इस प्रतियोगिता में निर्धारित मानकों के तहत हरियाणा CID से केवल दो डॉग्स को शामिल किया गया था, जिन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन कर विभाग को सम्मान दिलाया।
ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में बिल्डिंग सर्च, व्हीकल सर्च, लगेज सर्च, स्यूमन बॉडी सर्च और ग्राउंड सर्च जैसे विभिन्न स्निफिंग इवेंट शामिल होते हैं, जिनमें डॉग और हैंडलर के बीच मजबूत समन्वय, उच्च प्रशिक्षण और अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।