मुंबई–बेंगलुरु एअर इंडिया फ्लाइट का इंजन हवा में बंद, ‘PAN PAN’ कॉल के बाद सुरक्षित लौटाई गई उड़ान

Karuna
2 Min Read
Summer Express - मुंबई–बेंगलुरु एअर इंडिया फ्लाइट का इंजन हवा में बंद, ‘PAN PAN’ कॉल के बाद सुरक्षित लौटाई गई उड़ान

 Summer express, मुंबई। मुंबई से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2812 के साथ गुरुवार देर रात एक बड़ा तकनीकी घटनाक्रम सामने आया, जब उड़ान के दौरान विमान का एक इंजन अचानक हवा में बंद हो गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत ‘PAN PAN’ इमरजेंसी कॉल जारी की और सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराया गया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, एअरबस A320neo विमान ने रात करीब 2:30 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी, जो निर्धारित समय से कुछ देर बाद थी। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद तकनीकी खराबी के संकेत मिलने लगे और स्थिति गंभीर होते ही पायलट ने तुरंत वापसी का निर्णय लिया।

टेकऑफ के दौरान महसूस हुई असामान्यता

रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेकऑफ के दौरान यात्रियों ने तेज आवाज और हल्के झटकों का अनुभव किया, जबकि कुछ समय के लिए चिंगारी जैसी स्थिति भी देखी गई। इससे विमान में असहज माहौल बन गया।

आपात स्थिति में तुरंत वापसी

पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ‘PAN PAN’ कॉल के जरिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी, जिसके बाद विमान को प्राथमिकता के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

लैंडिंग के बाद विमान को तुरंत जांच के लिए रोक दिया गया है, जबकि यात्रियों को बाद में दूसरी फ्लाइट से बेंगलुरु रवाना किया गया, जो सुबह करीब 4:45 बजे उड़ान भर सकी।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान को संभावित तकनीकी समस्या के कारण एहतियातन वापस लाया गया था। उन्होंने कहा कि विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *