नागपुर | महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा नागपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे नंबर 44 पर वडम्बा गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, जबलपुर जा रही कार ने एक दोपहिया वाहन को बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही एक निजी यात्री बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जबलपुर निवासी कपिल साहनी (50), अमित अग्रवाल (51) और संदीप सोनी (51) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में एक बाइक सवार दंपती, बस चालक और कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।