सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
त्योहारों के सीजन में बाजारों में बढ़ती रौनक और लोगों की आवाजाही को देखते हुए मोहाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फेज-11 थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में चेकिंग अभियान तेज करने के साथ रात के समय गश्त भी बढ़ा दी है। थाना प्रभारी अमन बैदवान खुद रात को फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस की ओर से फेज-10, फेज-11 और सेक्टर-67 के बाजारों व प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस टीमों को मुस्तैद किया गया है। अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही देर रात तक पेट्रोलिंग कर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। थाना प्रभारी अमन बैदवान खुद भी विभिन्न बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि लोग बिना किसी डर के त्योहारों की खरीदारी कर सकें और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे। अमन बैदवान ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।