पानीपत | जिले के मतलौडा क्षेत्र में इसराना जीटी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अपनी बेटी से मिलने आए 65 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर कबड्डी रोड निवासी मनफूल सिंह (65) अपनी पत्नी अंगूरी देवी के साथ इसराना स्थित अपनी बेटी से मिलने आए थे। पानीपत से कार में सवार होकर आने के बाद वे सड़क किनारे उतरे और किराया देने लगे। इस दौरान उनका एक नोट नीचे गिर गया। जब वह झुककर नोट उठाने लगे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी।
शहर में दूसरी जगह हुआ कार हादसा
इसी बीच शहर के गुरु तेग बहादुर द्वार के पास मंगलवार देर रात एक और सड़क हादसा हुआ, जब दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। बताया जा रहा है कि एक चालक वाहन को मोड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एयरबैग खुल गए। हादसे की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए इलाके में जाम की स्थिति बन गई।