बिहार | बिहार की सियासत में हलचल मचाते हुए जनसुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। किशोर ने कहा कि “तेजस्वी यादव कलम वाले नहीं, कट्टा वाले लोग हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी का कलम बांटना ऐसा है, जैसे जंगल में शेर दूध बांटे – मतलब धोखे की तैयारी।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि तेजस्वी यादव बाहुबल की राजनीति करते हैं, और बिहार की जनता को कलम के नाम पर गुमराह कर रहे हैं।
नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निशाने पर लिया। नालंदा जिले के एकंगसराय में ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित करने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि “चुनाव से पहले नीतीश कुमार झूठे नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब प्रशासनिक वादों और अफसरशाही के राज से ऊब चुकी है और इस बार नीतीश सरकार की विदाई तय है। प्रशांत किशोर के इन बयानों से साफ है कि बिहार की राजनीति में जनसुराज की भूमिका को लेकर गर्मी बढ़ रही है।