नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया को गति दे दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की जाएगी। यह बदलाव आगामी विधानसभा और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों के मद्देनज़र किया जा रहा है।
महाराष्ट्र को 1 जुलाई को मिलेगा नया अध्यक्ष
महाराष्ट्र बीजेपी को 1 जुलाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। मुंबई में शाम 5 बजे होने वाली एक अहम बैठक के बाद नाम का ऐलान संभावित है। इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
राज्य में विधानसभा और BMC चुनाव नज़दीक हैं, ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन संगठन की रणनीति को धार देने के लिहाज़ से अहम माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश में 2 जुलाई को होगा ऐलान
मध्य प्रदेश में भी प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर गतिविधियाँ तेज़ हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यहां चुनाव अधिकारी बनाया गया है। वे 1 जुलाई को भोपाल पहुंचेंगे और 2 जुलाई को नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
इन नामों की चर्चा तेज
मध्य प्रदेश में जिन नामों की चर्चा ज़ोरों पर है, उनमें केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, हेमंत खंडेलवाल, सुमेर सिंह, सांसद गजेंद्र पटेल और पूर्व विधायक रामेश्वर शर्मा शामिल हैं। माना जा रहा है कि ऐसा चेहरा चुना जाएगा जिसकी संगठन में पकड़ मज़बूत हो और जो 2028 विधानसभा चुनावों की तैयारी में अहम भूमिका निभा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर भी जल्द फैसला संभव
बीजेपी का फोकस अब राष्ट्रीय नेतृत्व पर भी है। जेपी नड्डा का कार्यकाल 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे बढ़ाया गया था। अब चुनाव समाप्त होने के बाद, जुलाई के अंत तक पार्टी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान कर सकती है, लेकिन इसके लिए पहले 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संगठनात्मक चुनाव पूर्ण होने आवश्यक हैं।