नई दिल्ली | आज़ाद समाज पार्टी (काशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पार्टी के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर भेजे गए व्हाट्सएप संदेश में उन्हें 10 दिन के भीतर हत्या की चेतावनी दी गई है। इस गंभीर धमकी से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
पार्टी ने किया खुलासा, नंबर भी किया सार्वजनिक
धमकी से जुड़ी जानकारी आज़ाद समाज पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडियाअकाउंट्स पर साझा की है। पार्टी ने धमकी भेजने वाले का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया है और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
चंद्रशेखर आज़ाद ने कही यह बात
चंद्रशेखर ने कहा कि मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा, “अब यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह इस मामले की निष्पक्ष जांच करे और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करे।” उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतेगा।
सुरक्षा को लेकर सवाल
इस धमकी के बाद पार्टी ने चंद्रशेखर की सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि सांसद को इस तरह खुलेआम धमकी मिलना बेहद चिंता की बात है और इस मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।