हापुड़ | उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के पड़ाव इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक मजीदपुरा के रफीक नगर निवासी 36 वर्षीय दानिश अपने बच्चों और मोहल्ले की एक बच्ची को लेकर मुरशदपुर स्थित स्विमिंग पूल में नहलाने गया था। रात करीब 10 बजे वह सभी को बाइक पर बिठाकर घर लौट रहा था। रास्ते में पड़ाव क्षेत्र में तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग दूर तक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी को पुलिस ने तत्काल देवनंदनी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। दानिश की पत्नी और परिजन गहरे सदमे में हैं। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।