जालंधर | भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा और नगर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ट से संबंधित वॉयस सैंपल और हैंडराइटिंग सैंपल की मांग को लेकर दायर याचिका पर अब 8 जुलाई को सुनवाई होगी। यह सुनवाई अतिरिक्त सैशन जज जसविंदर सिंह की अदालत में निर्धारित की गई है।
इस केस में रमन अरोड़ा और राज कुमार मदान की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 5 जुलाई को तय की गई है। वहीं, पहले से गिरफ्तार नगर निगम के सहायक टाउन प्लानर (ATP) सुखदेव वशिष्ट की न्यायिक हिरासत को लेकर सुनवाई 4 जुलाई को होगी, और उन्हें उसी दिन अदालत में पेश किया जाएगा।
इसी मामले में नगर निगम की इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर की न्यायिक हिरासत को लेकर सुनवाई 10 जुलाई को होगी।
उधर, विधायक रमन अरोड़ा के बेटे राजन अरोड़ा और एटीपी सुखदेव वशिष्ट की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दायर जमानत याचिकाओं पर सुनवाई की तारीख 16 जुलाई तय की गई है।