Summer express, हिसार। हरियाणा के गांव कुंभा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन विवाद के चलते 80 वर्षीय बुजुर्ग बरखा राम की उनके ही पोते अंकित ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर आरोपी पोते के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना देर रात की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बरखा राम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक की बेटियां हिसार से गांव पहुंचीं, जहां पड़ोसियों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।
मृतक की बेटी कमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता बरखा राम गांव में अपने बेटे रामफल के साथ रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पोता अंकित लंबे समय से मकान अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। वह बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार करता था, समय पर खाना नहीं देता था और अक्सर उन्हें घर से निकालने की धमकी देता था।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात जमीन और मकान को लेकर परिवार में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर अंकित ने अपने दादा पर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान बरखा राम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक के रिश्तेदार ओमप्रकाश ने बताया कि बुजुर्ग के साथ पहले भी गलत व्यवहार किया जाता था और उन्हें दैनिक जरूरतों के काम करने से भी रोका जाता था। ग्रामीणों का भी आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य अक्सर बरखा राम के साथ मारपीट करते थे और उन्हें ठीक से भोजन तक नहीं दिया जाता था।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अंकित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।