Summer express, सोनीपत। शहर के देवडू रोड पर करीब 75 लाख रुपये की लागत से चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। शिकायत मिलने के बाद मेयर राजीव जैन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जहां सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री का इस्तेमाल होता मिला। निरीक्षण के दौरान कई टाइलें टूटी हुई पाई गईं, जबकि निर्माण प्रक्रिया भी तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली।
मेयर राजीव जैन ने पूर्व पार्षद मुकेश सैनी के साथ मौके का जायजा लिया। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि सड़क पर लगाई गई टाइलें बेतरतीब तरीके से बिछाई गई थीं और कई टाइलें निर्माण पूरा होने से पहले ही टूट चुकी थीं। जब टाइलों को उखाड़कर देखा गया तो नीचे निर्धारित मानकों के अनुसार रोड़ा नहीं डाला गया था और न ही उसके ऊपर रेत की आवश्यक परत बिछाई गई थी। इसके अलावा कई स्थानों पर नई टाइलों की जगह पुरानी टाइलें लगाए जाने की बात भी सामने आई।
निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर मेयर ने ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब हिस्से को तुरंत उखाड़कर दोबारा तय मानकों के अनुसार निर्माण कराने के आदेश जारी किए।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी शिकायत मिलेगी, वहां वह स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से सड़क निर्माण से संबंधित वर्क ऑर्डर की प्रति भी मांगी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों के अनुसार किया जा रहा है या नहीं।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम अब पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।