Summer express, रेवाड़ी। केंद्रीय कृषि मंत्री के कार्यक्रम से गैरहाजिर रहने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 जून को हरियाणा के बावल में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया गया था। उनका कहना है कि बिना निमंत्रण किसी सरकारी कार्यक्रम में शामिल होना संभव नहीं है और इस मामले में प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
राव इंद्रजीत सिंह , धारूहेड़ा नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के कृषि मंत्रालय से संबंधित था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आधिकारिक निमंत्रण नहीं भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी चर्चा हो चुकी है।
गौरतलब है कि 30 जून को बावल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद थे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित रेवाड़ी जिले के तीनों विधायक कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे थे। विशेष रूप से बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही, क्योंकि कार्यक्रम से एक दिन पहले तक वह गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दे रहे थे और कार्यक्रम वाले दिन भी रेवाड़ी में ही मौजूद थे।
इधर, कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने को लेकर भाजपा संगठन ने भी सख्त रुख अपनाया है। जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल की ओर से बावल ब्लॉक के पांचों मंडल अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिन के भीतर जवाब मांगा गया था। यह नोटिस एक जुलाई को जारी किया गया था, हालांकि इसकी जानकारी बाद में सार्वजनिक हुई। बताया गया है कि सभी मंडल अध्यक्ष अपना जवाब भी जमा करा चुके हैं।
धारूहेड़ा नगर पालिका परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन और पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नगर के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि धारूहेड़ा को जल्द ही दूषित पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी और इसके लिए आवश्यक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का दायित्व केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने चेयरमैन और सभी पार्षदों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्ताव सरकार तक पहुंचाए जाएंगे और उन्हें पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में कोसली विधायक अनिल यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा, रेवाड़ी नगर परिषद चेयरमैन विनीत पीपल, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।