Summer express,नई दिल्ली I वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख का असर गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों पर देखने को मिला। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच घरेलू व अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में कीमती धातुओं के दाम नरम रहे।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 351 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,360 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में 990 रुपये की कमी दर्ज की गई और यह 2,22,447 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखाई दी।
खबर लिखे जाने तक MCX पर सोने का वायदा भाव करीब 1,43,200 रुपये और चांदी करीब 2,21,800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी नरमी
Comex पर सोना 4,087.60 डॉलर प्रति औंस पर खुलने के बाद गिरकर 4,067.50 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। यह पिछले बंद भाव 4,082.40 डॉलर प्रति औंस की तुलना में 15.10 डॉलर नीचे कारोबार कर रहा था।
वहीं चांदी 58.88 डॉलर प्रति औंस पर खुली और बाद में 58.08 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गई। यह पिछले बंद भाव 58.54 डॉलर प्रति औंस से 0.45 डॉलर कम रही।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक संकेतकों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के आधार पर सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।