अर्शदीप भट्टी | लुधियाना
भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर सिविल लाइंस, लुधियाना की ओर से आयोजित संध्या फेरियों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को उपकार नगर में भव्य संध्या फेरी निकाली गई। संध्या फेरी शिव परिवार मंदिर से श्रद्धापूर्वक आरंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस्कॉन मंदिर सिविल लाइंस के अध्यक्ष नरोत्तमानंद दास जी ने बताया कि संकीर्तन मंडली ने उपकार नगर की विभिन्न गलियों और मार्गों में भ्रमण करते हुए भगवान के पवित्र नाम का प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान श्रद्धालु “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे। हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे” महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। मृदंग और करताल की मधुर ध्वनि तथा भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंग गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गौर-निताई का पुष्प अर्पित कर एवं आरती उतारकर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति और विश्व कल्याण की कामना भी की।
नरोत्तमानंद दास जी ने कहा कि संध्या फेरी का उद्देश्य भगवान के पवित्र नाम को घर-घर तक पहुंचाना और लोगों को भक्ति, सदाचार तथा आध्यात्मिक जीवन से जोड़ना है। भगवान के नाम का संकीर्तन व्यक्ति के जीवन में शांति, आनंद और सकारात्मकता का संचार करता है।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में परिवार सहित शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।