Summer express, जालंधर। जालंधर के गोरायां क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। समराड़ी नहर के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार बुजुर्ग चालक की जान बच गई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होशियारपुर निवासी एक बुजुर्ग अपनी स्विफ्ट कार से अपरा गांव में रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। जब उनकी कार समराड़ी नहर के पास पहुंची तो अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार सड़क से नीचे उतरकर कई पलटियां खाती हुई खेत में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे बुजुर्ग चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि उन्हें केवल हल्की चोटें आईं और उनकी जान बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को खेत से बाहर निकालने का काम किया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।