अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
जस्सियां रोड स्थित पैंट-शर्ट बनाने वाली एक फैक्ट्री में सोमवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई। चोर फैक्ट्री में सो रहे कारीगरों के मोबाइल फोन और ऑफिस में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिसे कब्जे में लेकर फैक्ट्री मालिक और कारीगरों ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
फैक्ट्री मालिक ने बताया कि सुबह फैक्ट्री पहुंचने पर कारीगरों ने उन्हें चोरी की जानकारी दी। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति फैक्ट्री में दाखिल होकर वहां सो रहे कारीगरों के मोबाइल फोन एक-एक कर उठाकर ले गया। इसके बाद आरोपी नीचे बने ऑफिस रूम में पहुंचा, जहां रखी नगदी भी चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।