जगदीश लाल| नवांशहर
समर न्यूज
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए एसकेटी प्लांटेशन टीम ने सरकारी कॉलेज जाडला में एवं कॉलेज के आस पास पौधारोपण अभियान चलाया। टीम के सक्रिय सदस्य हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान कॉलेज परिसर एवं उसके आसपास 25 छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं अनिमा, शरणप्रीत, नैन्सी, दीक्षा, हरमनदीप कौर, मनप्रीत, रजनी एवं अमनदीप ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर हरप्रीत सिंह ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का भी संकल्प है। अनिमा ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। कॉलेज स्तर पर ऐसे अभियान युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देते हैं। शरणप्रीत ने कहा कि पौधा लगाना पहला कदम है, लेकिन उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना हमारी असली जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा।