Summer express/ऊना,राकेश -:हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को आईएसबीटी ऊना से 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन बसों के संचालन से यात्रियों को सस्ती, आरामदायक और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए कुल 125 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें ऊना को 50, हमीरपुर को 35, बिलासपुर को 20, नालागढ़ को 15 और देहरा को 10 बसें आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले हरोली से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई थी और अब ऊना से भी इनका नियमित संचालन शुरू हो गया है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का नेटवर्क लगातार मजबूत किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
डिप्टी सीएम ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए ऊना बस अड्डे पर दो चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा रामपुर, हरोली, दुलैहड़ और अम्ब में भी चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग सुविधाएं स्थापित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परिवहन व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित कर रही है। इसी कड़ी में पुराने ऊना बस स्टैंड को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां मल्टीलेवल पार्किंग, मल्टीप्लेक्स, नगर निगम कार्यालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा ऊना में टायर री-ट्रेडिंग प्लांट स्थापित करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।