Summer expresss, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला साइबर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ‘रॉकी बुक’ नामक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को भारी मुनाफे और करोड़ों रुपये कमाने का लालच देकर करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज, सिम कार्ड, जाली मोहरें और नकदी बरामद की है।
अंबाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी केतन सोनी और विवेक सिंह जट्ट को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा देकर जाल में फंसाते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब अंबाला शहर निवासी हेमंत ने 5 मार्च 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उसे ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए अरबों रुपये कमाने का सपना दिखाया और धीरे-धीरे उसकी जीवनभर की जमा पूंजी के साथ-साथ दोस्तों और रिश्तेदारों से जुटाई गई रकम भी निवेश करवा ली। इस तरह करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 31 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी केतन सोनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि विवेक सिंह जट्ट को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 186 एटीएम कार्ड, 26 बैंक पासबुक, 26 चेक बुक, तीन जाली मोहरें, दो सिम कार्ड और भारी मात्रा में नकदी बरामद की।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विवेक सिंह जट्ट का सीधा संपर्क विदेश में बैठे साइबर ठगों से था। वह मध्य प्रदेश से पूरे साइबर नेटवर्क का संचालन करता था और देशभर में ठगी गई रकम को विभिन्न माध्यमों से विदेशी सरगनाओं तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे कमीशन के रूप में मोटी रकम मिलती थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियां अब इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। विदेश में बैठे मुख्य सरगनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।