Summer express/धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने पर कल से चार दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में देश-विदेश से कॉलेज के पूर्व छात्र शिरकत करेंगे। समारोह में कई राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की नामी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि समारोह की शुरुआत कॉलेज परिसर में मां सरस्वती के मंदिर की स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ होगी। चार दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा मेहमानों के लिए पारंपरिक हिमाचली धाम और विशेष रात्रिभोज की व्यवस्था भी की गई है।समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन के दौरान कॉलेज के उन पूर्व विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से याद किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन किया है।
कॉलेज का इतिहास भी बेहद गौरवशाली रहा है। इस संस्थान से प्रसिद्ध अभिनेता देवानंद, महावीर चक्र विजेता शेर जंग थापा और कैप्टन चंद्र नारायण जैसी शख्सियतें जुड़ी रही हैं। वहीं, राजनीति के क्षेत्र में विपिन परमार, विप्लव ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज, केवल सिंह पठानिया, अजय महाजन, डॉ. रामलाल मारकंडेय, राकेश पठानिया और मनोज ठाकुर सहित कई नेताओं ने यहां शिक्षा हासिल की है। इसके अलावा संस्थान के अनेक पूर्व विद्यार्थी प्रशासनिक और सैन्य सेवाओं में भी महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं।
संजीव गांधी ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला का इतिहास केवल एक शिक्षण संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की शैक्षणिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक दौर में उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्र के विद्यार्थियों के पास सीमित विकल्प थे, जिनमें डीएवी कॉलेज लाहौर और सरकारी कॉलेज धर्मशाला प्रमुख थे। ऐसे में इस संस्थान का महत्व और भी बढ़ जाता है।ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन ने देश-विदेश में रह रहे कॉलेज के सभी पूर्व विद्यार्थियों से शताब्दी समारोह में शामिल होने की अपील की है। साथ ही धर्मशाला प्रेस क्लब, शहरवासियों और सामाजिक संगठनों से भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग मांगा है। एसोसिएशन के अनुसार यह समारोह केवल कॉलेज का उत्सव नहीं, बल्कि पूरे धर्मशाला शहर की गौरवशाली विरासत का उत्सव है।