लक्की मेहता| लुधियाना
समर न्यूज
दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसी एंड एच) में शुक्रवार को रिसर्च डे-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक फैकल्टी सदस्य, शोधकर्ता और एमबीबीएस, एमडी-एमएस व डीएम-एमसीएच के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में शोध की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि शोध का उद्देश्य केवल नई जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि उसका लाभ मरीजों तक पहुंचाना भी होना चाहिए। उन्होंने फैकल्टी सदस्यों और युवा शोधकर्ताओं से क्लीनिकल ट्रायल में अधिक भागीदारी करने, शोध को उपचार से जोड़ने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं नैतिक शोध करने का आह्वान किया।
उन्होंने डीएमसी एंड एच में शोध के लिए तैयार किए गए बेहतर माहौल की सराहना भी की। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की रिसर्च एंड डेवलपमेंट पॉलिसी भी जारी की गई। साथ ही बेस्ट एब्स्ट्रैक्ट, ओरल प्रेजेंटेशन और ई-पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एमबीबीएस, एमडी/एमएस और डीएम/एमसीएच वर्ग के विजेताओं को 25-25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ई-पोस्टर प्रतियोगिता के एमबीबीएस वर्ग में सिदाकबीर सिंह पॉल प्रथम और अहान बंसल द्वितीय रहे। एमडी/एमएस वर्ग में शैना गुप्ता प्रथम, हिमांशु द्वितीय तथा जन्नत सेखों और गुरप्रसाद सिंह संयुक्त रूप से तृतीय रहे। डीएम/एमसीएच वर्ग में उज्ज्वल महाजन प्रथम और हिमांशु गर्ग द्वितीय स्थान पर रहे। ओरल प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में हृदया महाजन ने पहला, योगेश कुमार ने दूसरा तथा नमित सिंगला और ऋत्विक गुप्ता ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। पारुल और कशिश अग्रवाल को विशेष प्रशंसा सम्मान से नवाजा गया।
डीएमसी एंड एच मैनेजिंग सोसायटी के सचिव बिपिन गुप्ता ने कहा कि शोध संस्थान की अकादमिक और क्लीनिकल उत्कृष्टता का आधार है। कार्यक्रम में डीएमसी एंड एच के प्रिंसिपल डॉ. जीएस वांडर, मैनेजिंग सोसायटी के कोषाध्यक्ष मुकेश वर्मा, डीन अकादमिक्स डॉ. संदीप कौशल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. संदीप शर्मा, चीफ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. बिशव मोहन, एडिशनल मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आशिमा तनेजा, रिसर्च एंड डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।