समर न्यूज | अमृतसर
अमृतसर के रमदास थाना क्षेत्र के जट्टा पाशिया गांव में शुक्रवार तड़के एक घर में लगातार दो रहस्यमय धमाके हुए। विस्फोट में एक ही परिवार के तीन सदस्य छर्रे लगने से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि धमाकों में हाथ से फेंके जाने वाले ग्रेनेड का इस्तेमाल हुआ या पेट्रोल से भरी बोतलों को विस्फोट के लिए इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, धमाके के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में घर वाली सड़क से मोटरसाइकिल पर दो लोग गुजरते दिखाई दिए हैं। साथ ही, कैमरों में दो धमाके जैसी आवाजें भी दर्ज हुई हैं। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग ही घटना में शामिल थे।
आपराधिक पृष्ठभूमि भी जांच के दायरे में: यह मकान दलजीत सिंह का है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जांच अधिकारी इस पहलू को भी ध्यान में रखकर पता लगा रहे हैं कि धमाकों का संबंध उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि से है या किसी निजी रंजिश के कारण परिवार को निशाना बनाया गया। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ, उसे किस तरीके से लगाया गया और क्या परिवार के किसी सदस्य को जानबूझकर निशाना बनाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोटक की प्रकृति और घटनाक्रम की पुष्टि फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी हमलावर या संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी होते रहे हैं धमाके
अमृतसर में हाल के वर्षों में धमाके और ग्रेनेड हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। जनवरी 2025 में जैंतीपुर में एक शराब कारोबारी के घर पर ग्रेनेड फेंका गया, जबकि उसी महीने गुमटाला पुलिस चौकी को भी निशाना बनाया गया। फरवरी में फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की बंद पुलिस चौकी के पास विस्फोट हुआ। मार्च 2025 में खंडवाला के ठाकुरद्वारा मंदिर पर ग्रेनेड हमला हुआ। मई 2025 में मजिठा रोड क्षेत्र में विस्फोट में एक संदिग्ध की मौत हुई। मार्च 2026 में भिंडी सैदा थाने के पास ग्रेनेड हमला हुआ। मई में खासा क्षेत्र में सैन्य प्रतिष्ठानों के निकट विस्फोट की घटना भी सामने आई थी।