एजेंसी| देहरादून
उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के तहत 15 हजार से अधिक परिवारों को दिसंबर तक पक्के मकान मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। सरकार ने लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को 30 सितंबर तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
आवास विभाग के अनुसार, राज्य में योजना के तहत 18 परियोजनाओं में कुल 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 12,948 यानी करीब 84 प्रतिशत मकान तैयार हो चुके हैं। अब तक 1,271 लाभार्थियों को उनके मकानों की चाबियां भी सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं।
योजना के तहत सबसे ज्यादा 10,200 मकान ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। हरिद्वार में 4,528 आवास निर्माणाधीन हैं। नैनीताल के उम्मेदनगर, रामनगर में 528 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि देहरादून की धौलास आवासीय योजना में 240 में से 180 मकान तैयार हैं।
राज्य की सहायता बढ़ेगी
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, सरकार पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। सरकार का जोर निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और लाभार्थियों को जल्द घर की चाबी सौंपने पर है।