summer express , विजयपुरा (कर्नाटक)। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में भूतानाला झील से एक महिला और उसके पांच बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सभी शव आदर्श नगर पुलिस थाना क्षेत्र में झील से बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए बीएलडीई अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विजयपुरा ग्रामीण पुलिस थाने में एक महिला और बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तोरवी शांति नगर निवासी मल्लिकार्जुन जलागेरी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी शोभा घर से कहीं चली गई है। बताया गया कि घर से निकलने से पहले किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद से शोभा और बच्चे लापता थे।
पुलिस ने लापता लोगों की तलाश शुरू की तो बाद में आदर्श नगर थाना क्षेत्र में आने वाली भूतानाला झील से छह शव बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शवों को झील से बाहर निकलवाया और अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 35 वर्षीय शोभा, उसकी 15 वर्षीय बेटी विद्या, 13 वर्षीय सुवर्णा, 12 वर्षीय बेटे टिप्पराया, 10 वर्षीय बेटी सानिका और छह वर्षीय बेटे विकास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला और बच्चे झील तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।