summer express , लुधियाना । लुधियाना नगर निगम कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। निगम के आधिकारिक ईमेल पते पर भेजी गई धमकी भरी मेल में प्रतिबंधित संगठनों का नाम लेते हुए निगम कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ भी आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
ईमेल सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी। एहतियाती कदम के तौर पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने निगम परिसर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। पुलिस की ओर से धमकी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि धमकी भरी ईमेल में आतंकी संगठन बब्बर खालसा और तथाकथित खालिस्तान नेशनल आर्मी का उल्लेख किया गया है। मेल में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में शामिल दिलावर सिंह बब्बर का महिमामंडन करने वाली सामग्री भी लिखी गई है। ईमेल में 31 अगस्त को लेकर भी भड़काऊ संदेश दिया गया है। इसके अलावा मेल में नगर निगम कार्यालय को दोपहर 1:11 बजे निशाना बनाने का उल्लेख किया गया है।
ईमेल में सरकारी कार्यालयों में दिलावर सिंह की तस्वीर लगाने और 31 अगस्त को उसे याद करने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर धमकी दी गई है और 5 सितंबर को बठिंडा में नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। पुलिस अधिकारियों ने ईमेल में किए गए सभी दावों और धमकियों को जांच का हिस्सा बनाया है।
ईमेल के अंत में तथाकथित ‘KHALISTAN National ARMY’ और ‘Babbar Khalsa (Parmar-Canada)’ जैसे नामों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही कई संदिग्ध नाम भी दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल वास्तव में किसी प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी है या किसी शरारती तत्व ने फर्जी पहचान के जरिए धमकी भेजकर दहशत फैलाने का प्रयास किया है।
साइबर क्राइम विंग ने ईमेल के तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। टीम ईमेल के सर्वर, आईपी एड्रेस और वीपीएन से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है। जांच के जरिए मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धमकी विदेश से भेजी गई या इसके पीछे किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका है। मामले को देखते हुए नगर निगम कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।