अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
लुधियाना में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को शहर में 8 अलग-अलग जगहों पर कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया। इस दौरान 25 जीओ रैंक के अधिकारी खुद फील्ड में मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान अब तक 15 से 20 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि नशे से संबंधित करीब 50 लोगों को पकड़ा गया है।
डीसीपी रूपिंदर सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इनमें नशे के आदी पाए जाने वाले लोगों को नशा छुड़ाओ केंद्रों में भेजा जाएगा, जबकि नशा तस्करी में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करने के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इलाज और नशामुक्ति की सुविधा उपलब्ध करवाना भी है।
हॉटस्पॉट की पहचान करीब 10 दिन पहले की गई थी। उस समय पुलिस प्रशासन के साथ सिविल प्रशासन और मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहा था। टीमों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नशे की समस्या से जुड़े फीडबैक और जरूरी इनपुट जुटाए थे। इन जानकारियों के आधार पर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
डीसीपी रूपिंदर सिंह के मुताबिक, उत्तरी, पूर्वी और केंद्रीय विधानसभा हलकों में नशे की अधिक बिक्री होने से संबंधित सूचनाएं मिलने के बाद इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस टीमों ने चिह्नित स्थानों पर पहुंचकर तलाशी ली और नशे से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में कार्रवाई की। अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
नशे के खिलाफ अभियान में तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार और नशामुक्ति केंद्रों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। नशे की समस्या से प्रभावित इलाकों में मिली शिकायतों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।