Summer express , लखनऊ। दिल्ली से वाराणसी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार सुबह तकनीकी संकेत मिलने के बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एहतियातन उतारा गया। विमान के पिछले कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करने का निर्णय लिया।
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 में धुएं का संकेत मिलने की जानकारी पायलट की ओर से दी गई थी। इसके बाद विमान ने सुबह 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के तुरंत बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने विमान की जांच शुरू की।
जांच के दौरान विमान के पिछले हिस्से और कार्गो कंपार्टमेंट समेत अन्य हिस्सों की पड़ताल की गई, लेकिन मौके पर कहीं भी वास्तविक धुआं दिखाई नहीं दिया। इसके बावजूद एहतियाती कदम के तहत विमान को एयरपोर्ट के एक स्टैंड पर खड़ा किया गया और यात्रियों को विमान से उतारने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रवक्ता ने बताया कि सुबह 9:02 बजे यात्रियों को विमान से बाहर निकालना शुरू किया गया। फ्लाइट में कुल 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल तकनीकी संकेत मिलने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विमान की जांच की जा रही है। सुरक्षा मानकों के तहत पायलट द्वारा समय रहते उठाए गए कदम के कारण विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।