राजवीर बख्शी | लुधियाना
समर न्यूज
आरती चौक स्थित कुबेर पेट्रोल पंप पर डीजल की जगह पेट्रोल डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सरेआम हवाई फायर कर दिया। इतना ही नहीं, करीब सवा घंटे बाद 4-5 हथियारबंद युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां खड़ी वेंटो कार में जमकर तोड़फोड़ की।
पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पेट्रोल पंप मालिक राजू शर्मा निवासी टैगोर नगर, सिविल लाइंस ने पुलिस को बताया कि उनका आरती चौक पर कुबेर पेट्रोल पंप है। 29 अगस्त की तड़के करीब 2:15 बजे फॉक्सवैगन वेंटो कार नंबर पीबी04एई4914 डीजल भरवाने पहुंची थी। पंप कर्मी ने गलती से कार में पेट्रोल डाल दिया। इसे लेकर कार चालक की कर्मी से कहासुनी हो गई। इसी दौरान दिल्ली नंबर डीएल1सीआर6500 वाली कार भी पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंची। वेंटो कार चालक ने दूसरी कार सवारों को तेल डलवाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दिल्ली नंबर की कार में सवार एक युवक ने पिस्तौल निकालकर हवा में गोली चला दी। फायरिंग होते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों में भगदड़ मच गई।
गोली चलाने के बाद आरोपी दिल्ली नंबर की कार लेकर फरार हो गए, जबकि वेंटो कार चालक अपनी गाड़ी पेट्रोल पंप पर छोड़कर चला गया। करीब सवा घंटे बाद, तड़के 3:30 बजे, 4-5 हथियारबंद युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने परिसर में खड़ी वेंटो कार पर
हमला कर उसकी जमकर
तोड़फोड़ की और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
{अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज…
घटना की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी घुमार मंडी के इंचार्ज एएसआई दविंदर पासी ने बताया कि राजू शर्मा के बयानों पर दिल्ली नंबर कार के चालक और उसमें सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 125, 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54, 59 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली नंबर कार को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।