लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
शहर में बारिश के बीच नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत बुधवार को गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब रोड पर सफाई अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने की।
बारिश के कारण मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए सीनियर डिप्टी मेयर ने अधिकारियों को शहर में नियमित फॉगिंग करवाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की हेल्थ ब्रांच के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे राकेश प्रशार ने फील्ड स्टाफ को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और कूड़े की नियमित लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हाजिरी की नियमित जांच करने के लिए भी अधिकारियों को कहा, ताकि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों के तहत शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद फील्ड में जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और जमीनी स्तर पर कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लिया जा रहा है। जहां भी कमी सामने आ रही है, वहां सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।