Summer express,कलानौर (गुरदासपुर)। पंजाब के गुरदासपुर जिले के सीमावर्ती गांव सहूर में शनिवार रात एक किसान और बेलर मालिक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान कैप्टन सिंह पुत्र अजैब सिंह निवासी सहूर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कलानौर के एसएचओ अमनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कैप्टन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह धान की पराली की गांठें बनाने का काम करता है। शनिवार रात करीब सवा नौ बजे जब वह काम से अपने गांव लौट रहा था, तभी गांव के ही एक युवक ने अंधेरे में उस पर गोली चला दी। अचानक हुए हमले से बचने के लिए वह तुरंत नीचे बैठ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
कैप्टन सिंह के मुताबिक, फायरिंग के दौरान उसके सिर पर बंधा परना उतर गया और उसमें छर्रे भी लगे। इसके बाद आरोपी युवक मौके से भागने लगा और जाते-जाते दो और गोलियां चलाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दोस्तपुर की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल, फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।