Summer express, अमृतसर। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई ताजा बर्फबारी के बाद पंजाब के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 28 अक्टूबर से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन सात जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले दिनों राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें कमी आई है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 अक्टूबर से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के मौसम को प्रभावित करेगा और कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनेगी।
अगले 48 घंटे मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को पंजाब में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, 28 अक्टूबर को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश हो सकती है।
इसके अगले दिन यानी 29 अक्टूबर को करवाचौथ के अवसर पर मौसम में और बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला और जालंधर में बारिश की आशंका के चलते यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
करवाचौथ पर चांद दिखने में हो सकती है परेशानी
करवाचौथ के दिन बारिश और बादलों की स्थिति व्रत रखने वाली महिलाओं की चिंता बढ़ा सकती है। यदि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शाम या रात के समय अधिक रहता है, तो आसमान में बादल छाए रहने से चंद्रमा के दर्शन करने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, चांद दिखाई देने की स्थिति उस दिन के स्थानीय मौसम पर निर्भर करेगी।
बठिंडा रहा पंजाब का सबसे गर्म शहर
मौसम विभाग के रविवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था। यहां तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
वहीं, अमृतसर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। लुधियाना में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और पटियाला में 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान और मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिल सकता है।