Summer express/चंबा, मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। चंबा जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ताजा हिमपात के कारण पांगी घाटी को चुराह से जोड़ने वाला साच पास मार्ग एक बार फिर बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मार्ग को बहाल करने में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि देर शाम बर्फ हटाकर मार्ग को कुछ समय के लिए बहाल कर दिया गया था, लेकिन रात के समय दोबारा हुई बर्फबारी के कारण सड़क पर फिर से आवाजाही थम गई। पांगी घाटी जाने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए साच पास महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में मार्ग बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
चुराह प्रशासन ने मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए लोगों से फिलहाल साच पास की ओर यात्रा न करने की अपील की है। वहीं बॉर्डर पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग पूरी तरह बहाल होने के बाद ही पर्यटकों और आम लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जाए।
सीजन की पहली बर्फबारी के बाद साच पास एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। लगातार हो रहे हिमपात के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है और यातायात को रोकना पड़ा है। लोक निर्माण विभाग की टीमें दोनों तरफ से मशीनरी लगाकर सड़क से बर्फ हटाने का काम कर रही हैं।इस संबंध में एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मार्ग के पूरी तरह खुलने तक साच पास की तरफ सफर न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बॉर्डर पुलिस को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि सड़क बहाल होने से पहले किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति न दी जाए।