summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला शहर में अधूरे विकास कार्यों, अवैध कॉलोनियों और नगर निगम में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद धीमान ने अंबाला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि शहर के रुके हुए विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है और अब इन मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
विनोद धीमान ने कहा कि अंबाला शहर के विधायक चौधरी निर्मल सिंह पिछले दो वर्षों से शहर के लंबित प्रोजेक्टों, अवैध कॉलोनियों और नगर निगम से जुड़े कथित भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के मुद्दे विधानसभा में उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान 27 अगस्त से 1 सितंबर तक विधायक के मार्गदर्शन में ‘सड़क से सदन’ कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जनहित के मुद्दों को लेकर धरने और प्रदर्शन किए गए।
उन्होंने दावा किया कि इन धरनों के बाद प्रशासन ने कुछ लंबित परियोजनाओं को लेकर कार्रवाई शुरू की। कालका चौक पर श्री वामन भगवान के नाम से बनाए जा रहे चौक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इसका काम 17 मार्च 2021 को शुरू हुआ था, लेकिन करीब पांच वर्ष बाद भी परियोजना पूरी नहीं हुई। उनके अनुसार ‘सड़क से सदन’ कार्यक्रम खत्म होने के बाद इस प्रोजेक्ट का काम दोबारा शुरू हुआ।
विनोद धीमान ने टीबी अस्पताल की निर्माणाधीन परियोजना का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सितंबर 2020 में करीब 19.19 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से काम शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि 1 सितंबर को संबंधित अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और करीब 24 करोड़ रुपये का नया एस्टीमेट सरकार को भेजा गया है।
उन्होंने श्री नौरंगराय तालाब, बाल भवन, पुराने सेशन कोर्ट परिसर में लघु सचिवालय, महावीर पार्क, फ्लाईओवर और सिविल अस्पताल से जुड़े निर्माण कार्यों को भी लंबित बताते हुए सरकार से इन परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई प्रोजेक्टों की लागत समय के साथ बढ़ गई है, जिससे सरकारी खर्च भी बढ़ रहा है और लोगों को सुविधाओं के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
अवैध कॉलोनियों को लेकर विनोद धीमान ने कहा कि वर्ष 2014 से फरवरी 2024 तक प्रदेश में करीब 2101 कॉलोनियों को नियमित किया गया, लेकिन उनके अनुसार इस अवधि में अंबाला शहर की एक भी कॉलोनी को मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि फरवरी में विधानसभा सत्र के दौरान विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने कॉलोनियों को मंजूरी देने का मुद्दा उठाया था। उनके मुताबिक निकाय मंत्री विपुल गोयल के लिखित जवाब में दो महीने के भीतर कार्रवाई करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक अंबाला शहर की कॉलोनियों को मंजूरी नहीं मिली है।
विनोद धीमान ने पूर्व विधायक असीम गोयल पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ‘सड़क से सदन’ कार्यक्रम के बाद असीम गोयल अधिकारियों और विभिन्न विभागों के साथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि लंबित परियोजनाओं को लेकर समय रहते निर्देश दिए जाते तो शहर की जनता को इन सुविधाओं के लिए वर्षों तक इंतजार नहीं करना पड़ता।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में महिला नेत्री कोमल जैन की ओर से ‘सड़क से सदन’ कार्यक्रम को आगे जारी रखने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदस्यों ने समर्थन दिया। विनोद धीमान ने बताया कि विधायक चौधरी निर्मल सिंह से विचार-विमर्श के बाद 1 अक्टूबर से 31 जनवरी तक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान कांग्रेस की 11 सदस्यीय टीम हर महीने दो अलग-अलग अधूरे प्रोजेक्टों के बाहर धरना देगी। उन्होंने कहा कि जब तक लंबित परियोजनाएं शुरू होकर पूरी नहीं होतीं, कांग्रेस सड़क और विधानसभा दोनों स्तरों पर अंबाला की जनता के मुद्दे उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता रविंद्र गुप्ता, दविंदर बजाज, कोमल जैन, कमल बछल, सनी मोखा, गुरविंदर सैनी, किरण पाल राणा, कमल विर्क, सचिन जैन, संजीव फौजी, संजीव शर्मा, मनोज कुमार, विपिन गोयल, जोगिंदर सिंह और पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।