Summer express, चंडीगढ़ I व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन, चंडीगढ़ ट्राइसिटी की ओर से शनिवार को डीएवी कॉलेज, सेक्टर-10 में आयोजित प्रदर्शनी व्हीलचेयर क्रिकेट मैच में चंडीगढ़ ने पंजाब को पांच विकेट से हरा दिया। पंजाब के राज्यपाल ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस आयोजन के जरिए ‘ स्ट्रॉंगर विद्आउट ड्रग्स ’ अभियान के तहत नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। राज्यपाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, फिटनेस और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
टॉस जीतकर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में पांच विकेट पर 109 रन बनाए। राजा ने 22 गेंदों पर 31 रन बनाए, जबकि हरदीप सिंह गिल ने 20 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ ने 13.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। रोहित अनोत्रा ने 22 गेंदों पर शानदार 55 रन की पारी खेली, जबकि रणजीत सिंह 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन, चंडीगढ़ ट्राइसिटी के अध्यक्ष डॉ. रुपेश के. सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ और पंजाब के बीच यह मुकाबला केवल जीत-हार तक सीमित नहीं था, बल्कि यह खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, प्रतिभा और जज्बे का प्रदर्शन था। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ियों की क्षमता और आत्मविश्वास को सामने लाने के साथ समाज को यह संदेश भी देता है कि सही अवसर और मंच मिलने पर चुनौतियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।
इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने पंजाब और चंडीगढ़ की दोनों टीमों के 24 खिलाड़ियों को आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने पीसीए के मैदान में फ्लडलाइट के नीचे दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला आयोजित करने का भी ऐलान किया। इस घोषणा का खिलाड़ियों और आयोजकों ने स्वागत किया।
आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य व्हीलचेयर क्रिकेट को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में समावेशिता, समान अवसर और खेलों की सकारात्मक भूमिका को मजबूत करना है। ‘ स्ट्रॉंगर विद्आउट ड्रग्स ’ अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों के जरिए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कीं। मैन ऑफ द मैच और बॉलर ऑफ द मैच के पुरस्कार भी खिलाड़ियों को दिए गए। विजेता चंडीगढ़ टीम को 21,000 रुपये और उपविजेता पंजाब टीम को 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्यपाल ने खिलाड़ियों की खेल भावना और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी उत्साह के साथ खेलते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सोशल वेलफेयर विभाग के निदेशक नवीन रत्थू, डीएवी कॉलेज की प्रिंसिपल मोना नारंग, ज्वाइंट डायरेक्टर, स्पोर्ट्स डॉ. मोहिंदर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।