Summer express/शिमला-: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में भालू के हमले की एक और घटना सामने आई है। मशनू पंचायत के एक गांव में रविवार सुबह बगीचे में काम कर रहे 64 वर्षीय व्यक्ति पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर, चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, मशनू गांव निवासी नरम लाल हस्टा रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने बगीचे में भेड़-बकरियों के लिए घास लेने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।भालू के हमले में नरम लाल के सिर, मुंह और टांगों पर चोटें आईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने घायल नरम लाल को बगीचे से सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें निजी वाहन से महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत और चोटों को देखते हुए आगे के उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।घटना के बाद मशनू पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में भालुओं की बढ़ती आवाजाही के कारण खेतों और बगीचों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बनती जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।