summer express , रोहतक। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड और हरियाणवी सिनेमा से जुड़े कलाकारों ने शिरकत की। फेस्टिवल के दौरान अभिनेता और रोहतक के गांव जसिया निवासी रणदीप हुड्डा ने वीडियो संदेश के जरिए युवाओं और रोहतकवासियों से जुड़कर अपने देसी अंदाज में संदेश दिया।
रणदीप हुड्डा ने वीडियो की शुरुआत ‘राम-राम’ से की। हरियाणवी अंदाज में उन्होंने कहा कि रोहतक में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने ज्यूरी सदस्यों से कलाकारों के काम को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों से फेस्टिवल के अनुभव से सीख लेने की अपील की।
रणदीप ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि लगातार मेहनत करते रहना चाहिए और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयास जारी रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और कोशिश करते रहने से सफलता का रास्ता जरूर निकलता है। अपने देसी अंदाज में उन्होंने युवाओं से कहा, “लागे रहो, किमै न किमै जरूर होवेगा।”
उन्होंने रोहतक से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी मां भी इस आयोजन में शामिल हो रही हैं। उन्होंने रोहतक के लोगों और फेस्टिवल से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा भी पहुंचे। उन्होंने हरियाणवी सिनेमा में हो रहे काम की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हरियाणवी फिल्म ‘लाइसेंस’ और इसके अभिनेता मासूम शर्मा के काम की भी तारीफ की।
अखिलेंद्र मिश्रा ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें सही दिशा और बेहतर मंच की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा लगातार सिनेमा के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं और अपनी पहचान बना रहे हैं।
अखिलेंद्र मिश्रा ने अपने अभिनय करियर से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ में चंद्रशेखर आजाद की भूमिका निभाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए यह महत्वपूर्ण किरदार रहा है। उन्होंने युवाओं से हरियाणवी और क्षेत्रीय सिनेमा में हो रहे नए प्रयोगों से जुड़ने का आह्वान किया।
फेस्टिवल के दौरान रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने भी रोहतक से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि वह डीएलएफ कॉलोनी में रहती थीं और उनकी पढ़ाई रोहतक में हुई। उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से एमए किया। आशा हुड्डा ने बताया कि रणदीप ने हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि परिवार के संस्कार रणदीप के व्यक्तित्व में भी नजर आते हैं। उन्होंने डॉक्टर बनने के बजाय अभिनय को करियर के रूप में चुना और आज सफल अभिनेता के तौर पर पहचान बनाई है। आशा हुड्डा ने बताया कि करीब 22 साल पहले रोहतक छोड़ने के बावजूद यहां आने पर पुरानी यादें और अपनापन आज भी महसूस होता है।
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हरियाणवी फिल्म ‘लाइसेंस’ की स्क्रीनिंग भी की गई। इस दौरान अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा, यशपाल शर्मा और मासूम शर्मा समेत फिल्म से जुड़े कलाकार मौजूद रहे। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक और फिल्म प्रेमी पहुंचे।