summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। उत्तर भारत के प्रसिद्ध वामन द्वादशी मेले की पहली संध्या का अंबाला शहर में भव्य शुभारंभ हुआ। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने भगवान वामन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेले की गतिविधियों के लिए सनातन धर्म सभा को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि करीब सवा सौ वर्षों से चली आ रही वामन द्वादशी मेले की परंपरा अंबाला की आस्था, संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस परंपरा को शहर के लोग पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म सभा, मंदिर समितियों, स्वयंसेवकों और अंबाला के लोगों की मेले की परंपरा को बनाए रखने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभा धार्मिक आयोजनों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी योगदान दे रही है।
सीएम ने भगवान वामन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विनम्रता, वचन की मर्यादा, समर्पण और सत्य एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान वामन से प्रार्थना की कि प्रदेश के हर परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे और लोगों के जीवन में खुशियां आएं।