summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। छठ पूजा के लिए अंबाला में पूर्वांचल के लोगों को अब स्थायी घाट की सुविधा मिलने जा रही है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पूर्वांचल वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए छठ घाट का शिलान्यास किया। इस घाट के निर्माण के लिए उन्होंने 50 लाख रुपये देने की घोषणा की है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
अनिल विज के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पूर्वांचल समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान नगर परिषद के ईओ समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने नारियल फोड़कर छठ घाट निर्माण कार्य की शुरुआत की।
अनिल विज ने कहा कि अंबाला में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और हर साल छठ पूजा करते हैं, लेकिन पूजा के दौरान स्नान और धार्मिक अनुष्ठान के लिए उनके पास कोई निर्धारित स्थान नहीं था। इसके कारण लोगों को अलग-अलग जगहों पर अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ती थी। अब छठ घाट बनने से पूर्वांचल समाज के लोगों को एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि घाट के साथ महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के लिए स्नानघर और शौचालय की सुविधा भी विकसित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी छठ पूजा तक घाट का निर्माण पूरा किया जाए, ताकि इस बार श्रद्धालु यहीं पर छठ पर्व मना सकें।
छठ घाट के शिलान्यास से पूर्वांचल समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। पूर्वांचल वासियों ने इसके लिए अनिल विज का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पहले वे कभी घरों में तो कभी अस्थायी रूप से गड्ढे बनाकर छठ पूजा करते थे। कई लोग पिछले दो वर्षों से टांगरी नदी के किनारे भी पूजा कर रहे थे, लेकिन हर साल स्थान और व्यवस्था को लेकर परेशानी रहती थी।
पूर्वांचल निवासी रामकुमार ने कहा कि स्थायी छठ घाट बनने से लोगों को एक ही स्थान पर पूजा और स्नान की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, पूर्वांचल समाज की महिला बबीता ने कहा कि घाट बनने से महिलाओं को भी छठ पूजा के दौरान काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को घर या टांगरी नदी के किनारे पूजा करनी पड़ती थी, लेकिन अब निर्धारित घाट मिलने से धार्मिक आयोजन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।