‘अफसरों की नींद टूटी तो एक दिन में समाधान का वादा’
लक्की मेहता| लुधियाना
समर न्यूज
वार्ड-86 के जसवंत नगर और आसपास के इलाकों में पिछले 3-4 दिनों से पीने का पानी नहीं मिलने से गुस्साए लोगों ने बुधवार को नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वार्ड पार्षद मंजीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में लोगों ने धरना देकर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
धरने में विधायक पुत्र एवं आप पार्षद अमन बग्गा भी पहुंचे और अधिकारियों की लापरवाही पर तीखी नाराजगी जताई। इलाका निवासियों का कहना था कि एक दिन पानी न आने से ही घरों में परेशानी खड़ी हो जाती है, जबकि यहां लगातार कई दिनों से लोग पानी के लिए परेशान हैं। लोगों के मुताबिक इलाके का एक ट्यूबवेल काफी समय से खराब पड़ा है, जबकि दूसरे ट्यूबवेल की मोटर पिछले 2-3 दिनों से खराब है। आरोप है कि एसडीओ और जेई को बार-बार जानकारी देने के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं किया गया। धरने के दौरान पार्षद मंजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि वार्ड-86 उनके लिए परिवार की तरह है और वह लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक मदन लाल बग्गा की ओर से विकास कार्यों को तेजी से करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन निगम स्तर पर काम अटक रहे हैं। पार्षद ने कहा कि धरना जोन-सी कार्यालय तक ले जाने की तैयारी थी, लेकिन विधायक के निर्देश पर इसे रोक दिया गया। इसके बाद निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार खुद मौके पर पहुंचीं और एक दिन में समस्या के समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान संबंधित एसडीओ और जेई को भी बदलने की बात सामने आई।
विधायक मदन लाल बग्गा ने कहा कि लोगों ने पहले भी अधिकारियों को पानी की समस्या से अवगत करवाया था। वार्ड में नए ट्यूबवेल लगाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन काम अपेक्षित गति से नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जेई और एसडीओ को
बदल कर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।